Ranchi
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं विधायक कल्पना सोरेन ने झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता अमर वीर शहीद निर्मल महतो की जयंती के अवसर पर जेल मोड़, रांची स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की और नमन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत में कहा कि आज का दिन झारखंड के इतिहास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। राज्य के आदिवासी–मूलवासी समाज के हक और अधिकार की लड़ाई लड़ने वाले वीर शहीद निर्मल महतो की आज 75वीं जयंती है। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी पूरे राज्य में लोग उन्हें श्रद्धा और सम्मान के साथ याद कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड राज्य के गठन को अब 25 वर्ष पूरे हो चुके हैं और ऐसे वीर सपूतों का संघर्ष हमारे लिए गौरव का विषय है। झारखंड राज्य आंदोलन में शहीद निर्मल महतो का योगदान अमूल्य रहा है। उनके विचार, उनकी प्रतिबद्धता और उनका साहस आज भी राज्य की दिशा तय कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जिस समय शहीद निर्मल महतो की शहादत हुई, वे बेहद युवा थे। आज राज्य का नौजवान उन्हें मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत के रूप में देखता है। झारखंड का एक-एक युवा उनके संघर्ष पर गर्व करता है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने यह भी कहा कि शहीद निर्मल महतो के आदर्शों और विचारों को आत्मसात करते हुए राज्य निरंतर आगे बढ़ रहा है और आने वाले समय में भी उनके विचारों को जीवित रखते हुए सभी झारखंडवासी एकजुट होकर राज्य के विकास की राह पर आगे बढ़ते रहेंगे।
इस मौके पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और झारखंड आंदोलन से जुड़े लोग भी उपस्थित रहे और शहीद निर्मल महतो को श्रद्धांजलि अर्पित की।
