बलराम कृष्ण कल्याण समिति – नंदन यादव संरक्षक, बबन यादव अध्यक्ष और संजीत यादव सचिव मनोनीत
RANCHI
धुर्वा सेक्टर–2 स्थित ई-टाइप आवास संख्या 119/2 में मंगलवार को बलराम कृष्ण कल्याण समिति (यादव समाज) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के संस्थापक सदस्य, वर्तमान केंद्रीय अध्यक्ष और एचईसी सेवानिवृत्त महाप्रबंधक गोपाल यादव ने की, जबकि संचालन केंद्रीय सचिव चंदेश्वर प्रसाद यादव ने किया।
बैठक में सामाजिक विकास, संगठन की मजबूती, केंद्रीय स्तर पर विस्तार और आगामी कार्यक्रमों एवं रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। सभी उपस्थित सदस्यों ने संगठन को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाने पर सहमति जताई।
बैठक में विशेष रूप से मौजूद राजद नेता कैलाश यादव ने कहा कि बलराम कृष्ण कल्याण समिति एक पंजीकृत संस्था है, जिसकी स्थापना करीब 45 वर्ष पूर्व तत्कालीन एचईसी कर्मचारियों और अधिकारियों द्वारा की गई थी। उन्होंने बताया कि यह संस्था पूर्व में एकीकृत बिहार में प्रांतीय स्तर पर सक्रिय रही है और इसके कार्यक्रमों में कई बड़े राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों की भागीदारी रही है।
संस्थापक सदस्य गोपाल यादव ने कहा कि उनकी उम्र अब 80 वर्ष हो चुकी है और वे मार्गदर्शन की भूमिका निभाएंगे। उन्होंने युवाओं से सामाजिक उत्थान और संगठन को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
बैठक में सर्वसम्मति से पांच अहम प्रस्ताव पारित किए गए। इसके तहत समिति की नई कमिटी का विस्तार किया गया, जिसमें
कैलाश यादव को मुख्य संरक्षक, नंदन यादव को संरक्षक, बबन यादव को अध्यक्ष, संजीत यादव को सचिव और विजय राय को कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया। इसके अलावा उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव और कार्यकारिणी सदस्यों की भी नियुक्ति की गई।
निर्णय लिया गया कि जनजागरण एवं सदस्यता अभियान जारी रहेगा। सदस्यता शुल्क मासिक 50 रुपये और वार्षिक 600 रुपये निर्धारित किया गया है। साथ ही संस्थापक सदस्यों को पदेन विशेष सम्मानित कार्यकारिणी सदस्य का दर्जा दिया जाएगा।
नववर्ष 2026 के अवसर पर 4 जनवरी 2026 (रविवार) को सेक्टर–2 रशियन हॉस्टल स्थित पुराने विधानसभा मैदान में बैठक सह आमसभा आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसी बैठक में संस्था के लोगो, बैनर और शेष कमिटी की घोषणा के साथ आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी। बैठक में बड़ी संख्या में समिति के सदस्य और समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
