कांग्रेस समेत कई बड़ी पार्टियों की आय घटी
CENTRAL DESK
लोकसभा चुनाव के साल 2024–25 में राजनीतिक दलों को मिले डोनेशन के आंकड़े सामने आने के बाद सियासी हलकों में हलचल तेज हो गई है। इलेक्शन कमीशन को सौंपी गई कंट्रीब्यूशन और ऑडिट रिपोर्ट के मुताबिक, जहां कांग्रेस समेत कई बड़ी पार्टियों को चंदे में भारी गिरावट का सामना करना पड़ा है, वहीं सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी को रिकॉर्ड फायदा हुआ है।
रिपोर्ट के अनुसार, 2024–25 में बीजेपी को कुल 6,088 करोड़ रुपये का डोनेशन मिला, जबकि 2023–24 में यह आंकड़ा 3,967 करोड़ रुपये था। इस तरह पार्टी के चंदे में करीब 53 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। यह इजाफा ऐसे समय में हुआ जब 2023–24 का अंतिम और 2024–25 का शुरुआती क्वार्टर लोकसभा चुनाव (अप्रैल–मई 2024) से जुड़ा रहा।
कांग्रेस को इस दौरान बड़ा झटका लगा है। पार्टी का डोनेशन 1,129.66 करोड़ रुपये से घटकर 522.13 करोड़ रुपये रह गया। यानी बीजेपी को मिला चंदा कांग्रेस से करीब 12 गुना अधिक रहा। कांग्रेस नेताओं में राहुल गांधी ने 2.30 लाख रुपये, पी. चिदंबरम ने 3 करोड़ रुपये, प्रियंका गांधी ने 2.30 लाख रुपये और केसी वेणुगोपाल ने 1.90 लाख रुपये का दान दिया।
कांग्रेस की ऑडिट रिपोर्ट के मुताबिक, 2024–25 में पार्टी का कुल खर्च 1,111.94 करोड़ रुपये रहा, जिसमें से 896.22 करोड़ रुपये चुनावों पर खर्च किए गए। इसमें एयरक्राफ्ट और हेलीकॉप्टर पर 147.2 करोड़ रुपये तथा इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रचार पर 451.27 करोड़ रुपये शामिल हैं।
अन्य दलों की बात करें तो तृणमूल कांग्रेस का डोनेशन 646.39 करोड़ रुपये से घटकर 184.08 करोड़ रुपये रह गया। YSR कांग्रेस का डोनेशन 184.11 करोड़ से घटकर 140.05 करोड़ रुपये हो गया, जबकि TDP का चंदा 274.65 करोड़ से गिरकर 85.20 करोड़ रुपये रह गया। बीजू जनता दल का डोनेशन भी 245.5 करोड़ रुपये से घटकर 60 करोड़ रुपये रह गया।
हालांकि कुछ दलों को राहत भी मिली। जदयू का डोनेशन 4.35 करोड़ रुपये से बढ़कर 18.69 करोड़ रुपये हो गया, समाजवादी पार्टी का चंदा 48.22 लाख से बढ़कर 93.47 लाख रुपये पहुंच गया, जबकि CPI(ML)L के डोनेशन में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई।
इस बीच बीजेपी की 2024–25 की ऑडिट रिपोर्ट अभी तक इलेक्शन कमीशन की वेबसाइट पर सार्वजनिक नहीं हुई है। इसे लेकर विपक्षी दल पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
