पानी की टंकी फटने से गई जान, मृतकों के परिजनों को 2–2 लाख की सहायता राशि
PATNA
महाराष्ट्र के नागपुर जिले के बुटीबोरी स्थित महाराष्ट्र इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (MIDC) क्षेत्र में एक सोलर पैनल निर्माण फैक्ट्री में पानी की टंकी फटने से बिहार के छह मजदूरों की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरा शोक व्यक्त किया है और घटना को अत्यंत दुखद बताया है।
मुख्यमंत्री ने इस हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की है कि वह इस दुख की घड़ी में उन्हें धैर्य और संबल प्रदान करें। उन्होंने हादसे में घायल मजदूरों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मृतक मजदूरों के आश्रितों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 2–2 लाख रुपये अनुग्रह अनुदान देने की घोषणा की है। इसके साथ ही उन्होंने बिहार के घायल मजदूरों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने दिल्ली स्थित बिहार के स्थानिक आयुक्त को भी निर्देश दिया है कि वे मौके की स्थिति का जायजा लें और घायलों के इलाज, आवश्यक सहायता तथा मृत मजदूरों के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव तक पहुंचाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।
