PATNA
बिहार भाजपा का नया प्रदेश कार्यालय पाटली पथ के किनारे, पाटलीपुत्र जंक्शन के पीछे वाले क्षेत्र में बनाया जा रहा है। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इस मुख्यालय के निर्माण पर करीब 200 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। जानकारी के अनुसार यह कार्यालय 13 से 15 हजार वर्ग फीट जमीन पर विकसित किया जाएगा और इसका निर्माण कार्य अंतिम चरण की तैयारियों में है।
नए प्रदेश कार्यालय का नक्शा और डिजाइन दिल्ली से तैयार कराया गया है। भाजपा की राष्ट्रीय निर्माण समिति की बैठक में भवन के डिजाइन की विस्तृत समीक्षा की जा चुकी है। नई दिल्ली स्थित केंद्रीय कार्यालय से अंतिम स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। हालांकि, भाजपा का मौजूदा प्रदेश कार्यालय यथावत रहेगा और नए भवन के बनने के बाद वर्तमान कार्यालय में पटना महानगर भाजपा का संचालन किया जाएगा।
सुरक्षा और तकनीक को ध्यान में रखते हुए नए कार्यालय में प्रवेश से लेकर निकास तक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके साथ ही डिजिटल वार रूम, कॉल सेंटर, आईटी सेल और चुनाव प्रबंधन कक्ष की व्यवस्था की जाएगी। भवन में प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्री (संगठन), प्रदेश महामंत्री, उपाध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी और चुनाव प्रभारियों के लिए अलग-अलग कक्ष होंगे। सभी प्रदेश मंत्रियों के लिए भी आधुनिक केबिन बनाए जाएंगे।
इसके अलावा युवा, महिला, किसान, पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अल्पसंख्यक, सातों मोर्चा अध्यक्षों के लिए अलग कार्यालय कक्ष प्रस्तावित हैं। परिसर में तीन से पांच बड़े सभागार होंगे, जिनकी क्षमता 500 से 1200 लोगों तक होगी, ताकि बड़े स्तर की बैठकें और कार्यक्रम आयोजित किए जा सकें। साथ ही पुस्तकालय, गेस्ट हाउस, कैंटीन, हरित क्षेत्र और अन्य बुनियादी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
