हजारीबाग: नेक इरादों से बदली तस्वीर, बिरहोर टोला में बदलाव की मिसाल, प्रशासनिक संवेदनशीलता ने बदला भविष्य

 

 

HAZARIBAGH

हजारीबाग जिले के चुरचू प्रखंड स्थित नगड़ी गांव का बिरहोर टोला कभी घोर अभाव और उपेक्षा की पहचान हुआ करता था। वर्षों से बिरहोर समुदाय के लोग जर्जर घरों में रहने को मजबूर थे। बरसात में दीवारों से रिसता पानी, अंधकार और गंदगी, सर्दियों में बच्चों की ठिठुरन और असुरक्षा उनकी रोजमर्रा की सच्चाई बन चुकी थी। कठिन हालात थे, लेकिन उनकी पीड़ा सुनने और हालात बदलने वाला कोई नहीं था।

इसी दौरान प्रशासनिक भ्रमण पर पहुंचे उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने नगड़ी गांव का दौरा किया। गांव की स्थिति देखकर वे गहरे तौर पर चिंतित हुए। बदहाल घर, असहाय समुदाय और बच्चों की स्थिति ने उन्हें तुरंत कार्रवाई के लिए प्रेरित किया। मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि बिरहोर टोला के घरों को रहने योग्य बनाना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

उपायुक्त के निर्देश के बाद बदलाव की प्रक्रिया शुरू हुई। सीएसआर मद से एनटीपीसी के सहयोग से घरों की मरम्मत का कार्य तत्काल प्रारंभ किया गया। जर्जर दीवारों को मजबूत किया गया, टूटे छप्परों को बदला गया और कमरों को सुरक्षित व व्यवस्थित स्वरूप दिया गया। कुछ ही समय में नगड़ी गांव की तस्वीर बदलने लगी।

जहां पहले बरसात में पानी टपकता था, वहां अब मजबूत छतें खड़ी हैं। जिन घरों में अंधेरा और गंदगी थी, वहां अब रोशनी और स्वच्छता का माहौल है। सर्दियों में ठिठुरने वाले बच्चे अब सुरक्षित कमरों में चैन की नींद ले रहे हैं। सबसे बड़ा बदलाव यह है कि बिरहोर समुदाय के बच्चे अब मुस्कुरा रहे हैं, पढ़ाई कर रहे हैं और अपने भविष्य के सपने देख रहे हैं।

यह बदलाव केवल घरों की मरम्मत तक सीमित नहीं है, बल्कि यह गरिमा, सुरक्षा और आत्मविश्वास की वापसी है। नगड़ी गांव में आया यह परिवर्तन साबित करता है कि सही समय पर लिया गया एक संवेदनशील निर्णय पूरे समुदाय का भविष्य बदल सकता है।

इस बदलाव के केंद्र में झारखंड सरकार की सकारात्मक सोच और प्रशासनिक तत्परता रही। मुख्यमंत्री के निर्देश और हजारीबाग उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह की संवेदनशीलता, सक्रियता और दृढ़ संकल्प ने बिरहोर टोला के जीवन में नई रोशनी भर दी। नगड़ी गांव आज इस बात का जीवंत उदाहरण है कि जब इरादे नेक हों, तो सबसे कठिन हालात में भी बदलाव संभव हो जाता है।

Ads

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *