गोवा के मंच पर झारखंड की चमक, श्रुति मिश्रा बनीं मिस महाराष्ट्र की फर्स्ट रनर-अप


गढ़वा डीडीसी की बेटी ने रचा इतिहास, प्रतिभा और आत्मविश्वास से हासिल की बड़ी कामयाबी

Garhwa

गढ़वा। झारखंड की प्रतिभाशाली बेटी श्रुति मिश्रा (22 वर्ष) ने गोवा में आयोजित मिस & मिसेज महाराष्ट्र प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए ‘मिस महाराष्ट्र – फर्स्ट रनर-अप’ का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया है। इस उपलब्धि के साथ श्रुति ने न सिर्फ खुद को बल्कि गढ़वा, बोकारो और पूरे झारखंड को गौरवान्वित किया है।

श्रुति मिश्रा गढ़वा के उप विकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा की पुत्री हैं और मूल रूप से बोकारो स्टील सिटी, झारखंड की रहने वाली हैं। वह वर्तमान में पुणे में बीबीए एलएलबी की पढ़ाई कर रही हैं। पढ़ाई के साथ-साथ मंच कला, व्यक्तित्व विकास और रचनात्मक गतिविधियों में उनकी विशेष रुचि रही है, जिसका असर उनकी प्रस्तुति में साफ दिखाई दिया।

यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता कारा फाउंडेशन द्वारा आयोजित की गई थी, जिसकी संस्थापक ज़ोया सिराज शेख (Mrs Universe Runner-Up) हैं। कार्यक्रम 28 नवंबर से 2 दिसंबर 2025 तक ताज विवांता, गोवा में आयोजित हुआ, जिसमें देशभर से चुनी गई 12 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता के दौरान एलेना मैक्सीमोवा (Mrs Universe 2022), बॉलीवुड अभिनेत्री हिना खान और ज़ोया सिराज शेख जैसी जानी-मानी हस्तियां मौजूद रहीं। खास बात यह रही कि बॉलीवुड अभिनेत्री हिना खान ने स्वयं मंच पर श्रुति मिश्रा को क्राउन पहनाया।

श्रुति ने आत्मविश्वास से भरे मंच संचालन, प्रभावशाली रैम्प वॉक, संतुलित व्यक्तित्व और गरिमामयी प्रस्तुति के जरिए निर्णायक मंडल को प्रभावित किया। उनकी इस सफलता को लेकर गढ़वा और बोकारो सहित पूरे झारखंड में खुशी का माहौल है।

भविष्य की योजनाओं को लेकर श्रुति ने कहा कि वह आगे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर झारखंड का प्रतिनिधित्व करना चाहती हैं और महिला सशक्तिकरण व शिक्षा से जुड़े सामाजिक कार्यों में सक्रिय योगदान देना चाहेंगी। बेटी की इस उपलब्धि पर उप विकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा ने प्रसन्नता जताई है। इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार समेत कई पदाधिकारियों और परिचितों ने श्रुति को बधाई दी है।

Ads

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *