संविधान बचाओ दिवस पर कांग्रेस का हमला, “संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है”

26th November 2025

Ranchi

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी की ओर से आज पुराने विधानसभा भवन स्थित सभागार में संविधान बचाओ दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने की। आयोजन की शुरुआत संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर और संविधान सभा के प्रथम अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। अंत में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए केशव महतो कमलेश ने कहा कि भारत का संविधान लोकतंत्र की आत्मा है और इसकी मूल भावना प्रस्तावना में ही निहित है। उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लिखित संविधान के निर्माण में झारखंड की विभूतियों का योगदान राज्य की महत्ता को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है और संविधान बदलने की मंशा रखने वालों का लोकतांत्रिक तरीके से मुकाबला जरूरी है।

वित्त मंत्री डॉ. राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि संविधान सभी वर्गों को समान अधिकार देता है, लेकिन केंद्रीय सत्ता कुछ लोगों तक सीमित हो गई है। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति-जनजाति के अधिकारों में कटौती और आरक्षण समाप्त करने की सोच चिंताजनक है। उनके अनुसार झारखंड में महागठबंधन सरकार होने के कारण केंद्र सौतेला व्यवहार कर रहा है।

पूर्व वित्त मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि लोकसभा चुनाव में संविधान बदलने के लिए “400 पार” नारा दिया गया था, जिसका कांग्रेस ने विरोध किया। उन्होंने कहा कि केशवानंद भारती केस के अनुसार संविधान की मूल संरचना में बदलाव संभव नहीं है, इसी कारण भाजपा पूरा संविधान बदलने की सोच रखती है। उरांव ने कहा कि आरएसएस मनुस्मृति को अपना संविधान मानता है, इसलिए उसके शीर्ष पदाधिकारी भारतीय संविधान की समीक्षा की मांग करते रहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र गैर-भाजपा राज्यों को अनुदान रोककर उनके विकास को बाधित कर रहा है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने कहा कि मौजूदा केंद्र सरकार ने संविधान द्वारा स्थापित धर्मनिरपेक्ष ढाँचे को कमजोर किया है। उन्होंने कहा कि कभी दुनिया में सराहा जाने वाला भारत का निर्वाचन आयोग अब चुनावी प्रक्रिया में हेराफेरी के आरोपों से घिरा है।

रांची विश्वविद्यालय के पूर्व कुल सचिव प्रो. अमर चौधरी ने कहा कि संविधान नहीं होता तो वंचित समाज को उनके अधिकार नहीं मिल पाते। उन्होंने कहा कि आरक्षण व्यवस्था के कारण दलित, पिछड़ा और आदिवासी समाज आर्थिक-सामाजिक रूप से आगे बढ़ रहा है।

कार्यक्रम का संचालन प्रदेश कांग्रेस महासचिव अमूल्य नीरज खलको ने किया और धन्यवाद ज्ञापन महिला कांग्रेस अध्यक्ष रमा खलको ने दिया। इस दौरान एससी सेल अध्यक्ष केदार पासवान और पदाधिकारियों ने सुरेश बैठा, अशोक चौधरी, संजय लाल पासवान, रविंद्र सिंह, शमशेर आलम, रमा खलको, जोसाइ मार्डी, सतीश पौल मुंजनी, अमूल्य नीरज खलको, विनय उरांव, नवीन सिंह, कुमार राजा और प्रो. बिमलांशु शेखर मलिक को सम्मानित किया।

कार्यक्रम में अशोक चौधरी, लाल किशोर नाथ शाहदेव, आलोक कुमार दुबे, सोनाल शांति, विनय सिन्हा दीपू, आभा सिन्हा, डॉ. राकेश किरण महतो, निरंजन पासवान, राजेश सिन्हा सन्नी, सूर्यकांत शुक्ला, सुरेन राम, संजय कुमार, जफर इमाम, अख्तर अली, सुनील सिंह, राजू चंद्रा, चंद्र रश्मि पिंगुआ, मरियम, इंदिरा देवी, मीनू सिंह, मौसमी, ऊषा पासवान, शाहिद अहमद, सजर खान सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।

Ads

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *