जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा विकास मंच की बैठक में संजय कुमार तिर्की बने कार्यकारी अध्यक्ष

RANCHI

जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा विकास मंच की आभासी बैठक आज डॉ. संजय कुमार तिर्की की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में मंच द्वारा आयोजित पिछले बहुभाषी लोकगीत उत्सव की समीक्षा की गई। उपस्थित सभी सदस्यों ने एकस्वर में कार्यक्रम को अपेक्षा से अधिक सफल बताया तथा आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों के प्रयासों की सराहना की।

बैठक में सर्वसम्मति से डॉ. संजय कुमार तिर्की को मंच का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया।

झारखंड की समृद्ध संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से लोकगीत, लोकनृत्य, लोकनाट्य एवं लोकचित्रकारी के लिए एक अलग समूह “सांस्कृतिक सृजन समूह” के गठन का निर्णय लिया गया। यह समूह जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा विकास मंच का ही एक अंग होगा। समूह के संचालन एवं नियंत्रण की जिम्मेदारी मंच के कार्यकारिणी सदस्य सत्यनारायण मुंडा को दी गई।

बैठक में मंच की बहुभाषी पत्रिका “सबरंग झारखंड” के संबंध में भी जानकारी साझा की गई। पत्रिका का टाइटल वर्तमान में टाइटल वेरिफिकेशन की प्रक्रिया में है।

महान शिक्षाविद् एवं प्रख्यात चिंतक डॉ. रामदयाल मुंडा की जन्मतिथि के अवसर पर एक संगोष्ठी आयोजित करने का निर्णय लिया गया। संगोष्ठी की तिथि निर्धारित करने की जिम्मेदारी सत्यनारायण मुंडा को दी गई।

बैठक में रेणु दीदी ने मंच के सदस्यों एवं कलाकारों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास करने की बात कही।

बैठक के अंत में सपन कुमार महतो ने कुरमाली लोकगीत तथा रेणु किशोर ने नागपुरी लोकगीत प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन सपन कुमार महतो ने किया।

बैठक में सपन कुमार महतो, सालो कुमारी, सोचिशकेशा महतो,  सुकेशी कर्मकार, अनीता कुमारी, रीता सोरेंग, नीलोफर मिंज, विक्की मिंज, मौसमी मिंज, रवि कुमार, रेणु किशोर, ललिता देवगम, शिवशंकर उरांव सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *