रांची की एक सुंदर तस्वीर: बारिश में भींगते आंदोलनकारी छात्र को जब पुलिस ने अपनी छतरी में दी पनाह

RANCHI

राजधानी रांची में सोमवार को विधानसभा घेराव के दौरान जहां छात्र अपनी मांगों को लेकर सड़क पर डटे रहे, वहीं इसी बीच पुलिस का एक मानवीय चेहरा भी सामने आया। बारिश के बीच विधानसभा की ओर पहुंचे एक आंदोलनकारी छात्र को भीगते देख कोतवाली के पुलिस अधिकारी निखिल राय ने उसे अपने छाते में पनाह दी।

बारिश के बीच पुलिस अधिकारी का यह व्यवहार वहां मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बना। छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव के बीच यह तस्वीर मानवीय संवेदनशीलता का संदेश देती नजर आई।

विधानसभा के आसपास से लौटने लगे छात्र

इधर, विधानसभा घेराव के लिए पहुंचे आंदोलनकारी छात्रों का वापस लौटना शुरू हो गया है। जानकारी के मुताबिक कई छात्र वापस जयपाल सिंह स्टेडियम की ओर जा रहे हैं। इसके साथ ही विधानसभा के आसपास का इलाका धीरे-धीरे खाली होने लगा है।

छात्र JPSC और JSSC की प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं। उनकी मांगों को लेकर पिछले कई दिनों से राजधानी में प्रदर्शन और धरना जारी है।

राहुल गांधी फिर छात्रों के समर्थन में

दूसरी ओर, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर आंदोलनरत छात्रों के समर्थन में आवाज उठाई है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि झारखंड में विरोध-प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ बल का इस्तेमाल गलत है। उन्होंने छात्रों के शांतिपूर्ण विरोध के अधिकार का समर्थन करते हुए कहा कि बातचीत के जरिए ही समाधान निकाला जा सकता है।

राहुल गांधी ने झारखंड सरकार से छात्रों की बात सुनने और उनकी समस्याओं का जल्द समाधान करने की अपील की है।

गौरतलब है कि राहुल गांधी इससे पहले जयपाल सिंह स्टेडियम में अनशन पर बैठे आंदोलनकारी छात्रों से भी बातचीत कर चुके हैं। उस दौरान उन्होंने छात्रों की मांगों को लेकर समर्थन और सहयोग का भरोसा दिया था। इस बीच विधानसभा से छात्रों की वापसी और सरकार की ओर से संवाद की अपील के बाद अब निगाहें इस बात पर हैं कि JPSC-JSSC से जुड़ी उनकी मांगों पर आगे क्या कदम उठाए जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *