UP: रामनवमी के दिन हाईवे पर मातम, दर्शन से लौट रहे 7 भक्तों की सड़क हादसे गई जान

रामनवमी पर कौशांबी में दर्दनाक हादसा, ट्रेलर से टकराई पिकअप, 7 श्रद्धालुओं की मौत

KOUSHAMBI

कौशांबी में रामनवमी के दिन एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। कानपुर-प्रयागराज राजमार्ग पर डोरमा पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पीछे से टकरा गया। इस हादसे में सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।

हादसा उस समय हुआ जब पिकअप में सवार करीब 25 लोग रामनवमी के अवसर पर दर्शन कर लौट रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप के परखचे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े।

बताया जा रहा है कि सभी श्रद्धालु फतेहपुर जिले के मलवा क्षेत्र के बड़ोखर गांव के निवासी थे। वे सुबह रामनवमी के अवसर पर कड़ा धाम स्थित मां शीतला के दर्शन के लिए गए थे और लौटते समय यह हादसा हो गया।

घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से कई एंबुलेंस लगाई गईं। हालांकि सात लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और यातायात बाधित हो गया।

इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *