दुबई से घर वापसी: झारखंड के 11 मजदूर सुरक्षित लौटे, एयरपोर्ट पर छलकी खुशी; सरकार की पहल रंग लाई

RANCHI

दुबई में फंसे झारखंड के 14 प्रवासी मजदूरों में से 11 मजदूरों की बुधवार को सकुशल वतन वापसी हो गई। सभी मजदूर नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट, कोलकाता पहुंचे, जहां समाजसेवी सिकन्दर अली ने उन्हें रिसीव किया। इसके बाद सभी को बस से हावड़ा स्टेशन के लिए रवाना किया गया, ताकि वे अपने-अपने घरों तक पहुंच सकें।

वतन लौटने के बाद मजदूरों के चेहरों पर राहत और खुशी साफ झलक रही थी। उन्होंने कहा कि यदि अपने देश में ही बेहतर रोजगार की व्यवस्था हो जाए तो उन्हें विदेश जाने की जरूरत ही नहीं पड़े। उनका कहना था कि देश के हुनरमंद मजदूरों को पर्याप्त अवसर नहीं मिलने के कारण मजबूरी में विदेश का रुख करना पड़ता है।

वेतन नहीं मिला, ज्यादा काम कराया गया

ये सभी मजदूर अक्टूबर 2025 में EMC कंपनी के तहत ट्रांसमिशन लाइन में काम करने दुबई गए थे। आरोप है कि कंपनी ने काम के बदले मजदूरी का भुगतान नहीं किया और तय समय से अधिक काम लिया जाता था। रहने और खाने-पीने की सुविधाओं में भी दिक्कतें थीं। परेशान मजदूरों ने एक वीडियो भेजकर अपनी स्थिति साझा की और सरकार से मदद की गुहार लगाई थी।

सरकार की सक्रियता से संभव हुई वापसी

मामले के सामने आने के बाद झारखंड सरकार और केंद्र सरकार ने हस्तक्षेप किया। समन्वय के बाद मजदूरों की वापसी सुनिश्चित की गई। प्रवासी मजदूरों के हित में काम कर रहे समाजसेवी सिकन्दर अली ने कहा कि रोजी-रोटी के लिए लोग विदेश जाते हैं, लेकिन कई बार वहां शोषण और कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे मामलों में सरकार को ठोस नीति और निगरानी तंत्र मजबूत करने की जरूरत है।

मजदूरों के परिजनों ने राज्य सरकार, केंद्र सरकार, मीडिया और सिकन्दर अली के प्रति आभार व्यक्त किया।

दुबई से लौटे मजदूरों की सूची

  • गिरिडीह जिला, बगोदर प्रखंड, तिरला के राजेश महतो
  • मंडरो, डुमरडेली के अजय कुमार
  • बोकारो जिला, नावाडीह प्रखंड, कंजकीरो के डालेश्वर महतो
  • हजारीबाग जिला, बिष्णुगढ़ प्रखंड, खेदाडीह के जागेश्वर महतो
  • सिरैय के बैजनाथ महतो
  • पारजोरिया के दिलीप महतो, गंगाधर महतो, त्रिलोकी महतो
  • चकचुको बसरिया के दीपक कुमार
  • बरकट्ठा प्रखंड, गोरहर के रोहित महतो और सेवा महतो

बाकी तीन मजदूरों की वापसी की प्रक्रिया जारी बताई गई है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *