मुजफ्फरपुर में मिड-डे मील मिली छिपकली, 62 बच्चे अस्पताल में भर्ती, 8 SKMCH रेफर

11th September 2025

मुजफ्फरपुर
जिले के सकरा प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय पोखरैरा बिचला टोला में बुधवार को मिड-डे मील खाने के बाद दर्जनों बच्चे अचानक बीमार पड़ गए। उल्टी, पेट दर्द और चक्कर आने की शिकायत पर स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

प्रधान शिक्षक रमेश राम ने बताया कि स्कूल में अर्द्धवार्षिक परीक्षा चल रही थी। परीक्षा की पहली पाली समाप्त होने के बाद बच्चे मिड-डे मील खाने बैठे। इसी दौरान परोसी गई सब्जी में छिपकली गिर गई। भोजन तुरंत फेंकवा दिया गया, लेकिन तब तक कई छात्र-छात्राएं खाना खा चुके थे। करीब आधे घंटे के भीतर ही बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी।

बीमार बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सकरा ले जाया गया, जहां कुल 62 बच्चों का इलाज किया गया। इनमें से ज्यादातर की स्थिति सामान्य पाई गई और दवा देकर घर भेज दिया गया। हालांकि 8 बच्चों की हालत गंभीर होने पर उन्हें कृष्ण मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (SKMCH), मुजफ्फरपुर रेफर कर दिया गया।

बीमार हुए कुछ छात्रों ने बताया कि खाना खाने के थोड़ी ही देर बाद उन्हें चक्कर और घबराहट महसूस हुई, फिर उल्टी और पेट दर्द शुरू हो गया। अचानक इतने बच्चों की हालत बिगड़ने पर शिक्षक और अभिभावक दहशत में आ गए।

घटना की जानकारी मिलते ही शिक्षा विभाग और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। मिड-डे मील में हुई गड़बड़ी को गंभीर मानते हुए जांच के आदेश दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *